उत्तरकाशी : झाला गांव में “थैंक यू नेचर ” चलाया स्वच्छता अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में इस अभियान की थी प्रशंसा
रविन्द्र सिंह रावत
भटवाड़ी (उत्तरकाशी) : सीमांत भटवाडी़ ब्लॉक के वाइब्रेंट विलेज ग्राम झाला, हर्षिल वैली में नव वर्ष के उपलक्ष में ‘थैंक यू नेचर” अभियान’ के तहत वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया है।
मंगलवार को ग्राम प्रधान झाला एवं युवक मंगल दल अध्यक्ष के नेतृत्व में ‘थैंक यू नेचर” अभियान’ के तहत वृहद स्वच्छता अभियान चलाया है। उन्होंने बताया कि
नव वर्ष के आगमन सकारात्मक संदेश के साथ वर्ष की शुरुआत करने के उद्देश्य से वाइब्रेंट विलेज ग्राम झाला, हर्षिल घाटी में आज ‘थैंक यू नेचर अभियान’ के अंतर्गत वृहद स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान ग्राम प्रधान झाला के आह्वान पर और युवक मंगल दल, ग्राम पंचायत झाला के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान झाला बाजार से लेकर पूरे ग्राम सभा क्षेत्र तक व्यापक स्तर पर सफाई की गई। इस दौरान सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्र से प्लास्टिक कचरे का संग्रहण कर उसे उचित निस्तारण हेतु एकत्रित किया गया। साथ ही स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों एवं होटल व्यवसायियों को स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने तथा अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया गया।
इस स्वच्छता अभियान में प्रशासन की ओर से भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। उपजिलाधिकारी कार्यालय, खंड विकास अधिकारी कार्यालय एवं नगर पंचायत द्वारा कूड़ा वाहन एवं सफाई कर्मियों को उपलब्ध कराकर अभियान को गति दी गई। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती तनुजा उनियाल ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए अपना सहयोग प्रदान किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य नव वर्ष में हर्षिल घाटी में आने वाले पर्यटकों एवं आगंतुकों का स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण–अनुकूल वातावरण के साथ स्वागत करना तथा स्थानीय स्तर पर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देना रहा। इस अवसर पर यह संकल्प भी लिया गया कि ‘थैंक यू नेचर अभियान’ के तहत स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
इस कार्यक्रम का संचालन युवक मंगल दल अध्यक्ष अभिराज रौतेला एवं ग्राम पंचायत झाला के वार्ड सदस्य सुरेश राणा के नेतृत्व में किया गया। अभियान में युवक मंगल दल के सभी सदस्य, स्थानीय नागरिक, झाला मार्केट के होटल व्यवसायी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत झाला द्वारा सभी सहयोगी विभागों, जनप्रतिनिधियों, युवक मंगल दल के सदस्यों, स्वास्थ्य विभाग एवं स्थानीय व्यवसायियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामूहिक सहभागिता से हर्षिल घाटी को स्वच्छ एवं पर्यावरण-संवेदनशील बनाए रखने की अपील की गई। इस अवसर पर
दीपक ,जिला सफाई कर्मी
भगवान सिंह, अमित शाह , नत्थी रौतेला ,आदि स्थानीय लोगों भी मौजूद रहें।
उल्लेखनीय है कि ‘थैंक यू नेचर’ (धन्यवाद प्रकृति) अभियान, उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के झाला गांव में स्थानीय युवाओं द्वारा शुरू किया गया एक सफल स्वच्छता अभियान है, जिसमें वे रोजाना दो घंटे सफाई करते हैं और कूड़े को इकट्ठा कर निर्धारित स्थान पर डालते हैं, जिसे पंचायती राज और युवा कल्याण विभाग का समर्थन मिला है, और प्रधानमंत्री मोदी ने भी मनकी बात में इसकी प्रशंसा की थी। इस अभियान ने गांव को स्वच्छ बनाया और कचरा प्रबंधन (विशेषकर प्लास्टिक) के लिए रीसाइक्लिंग सेंटर भेजे जाने से यह एक अनुकरणीय मॉडल बन गया है।



