Breaking
Sun. Nov 29th, 2026

हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटन और कचरा प्रबंधन पर किया उत्कृष्ट शोध

उत्तरकाशी के सचिन ने शोध में हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान
CAG–ICSSR शोध प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार, 75 हजार रुपये से सम्मानित
उत्तरकाशी : जिले  के यमुना घाटी  युवा शोधार्थी सचिन सिंह चौहान ने अपनी प्रतिभा और शोध क्षमता के दम पर प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) तथा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) की संयुक्त शोध-आलेख प्रतियोगिता 2026 में सचिन ने डॉक्टोरल (पीएचडी) श्रेणी में उत्तराखंड राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशंसा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
रविवार को देहरादून के कौलागढ़ स्थित कार्यालय महालेखाकार, उत्तराखंड के ऑडिट भवन में ऑडिट सप्ताह समारोह 2026 के अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) तथा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सचिन सिंह चौहान को पीएचडी श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
पर्यटन और कचरा प्रबंधन पर किया शोध
सचिन वर्तमान में राजनीति विज्ञान विषय में पीएचडी कर रहे हैं।
उनके पुरस्कृत शोध-आलेख का शीर्षक “Rising Tide, Static Shore: Tourism Growth and the Pace of Institutional Capacity Building in Solid Waste Management across Urban and Rural Local Bodies in Uttarakhand’s Himalayan Terrain” है।
शोध में उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ती पर्यटन गतिविधियों और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की चुनौतियों का अध्ययन किया गया है। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण स्थानीय निकायों की संस्थागत क्षमता, सतत पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और प्रभावी कचरा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों का विश्लेषण किया गया है।
यमुना घाटी के लिए गौरव
देश की प्रतिष्ठित संवैधानिक संस्था CAG और भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की संयुक्त शोध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करना उत्तरकाशी जनपद के लिए महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि है। सचिन की सफलता से यमुना घाटी सहित पूरे जनपद में गौरव का माहौल है।
उनकी उपलब्धि पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह दर्शाती है कि उच्च शिक्षा और शोध के माध्यम से पहाड़ के युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!