हार्ट अटैक के मरीज को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा
जिला अस्पताल में थ्रोम्बोलाइसिस से नहीं मिली अपेक्षित सफलता, रेस्क्यू PCI के लिए तत्काल किया गया रेफर
उत्तरकाशी। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में हृदयाघात से पीड़ित 57 वर्षीय मरीज को समय पर उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने हेली एंबुलेंस की व्यवस्था की। मरीज को रविवार सुबह जोशियाड़ा हेलीपैड से हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार 29 नवंबर को विजेन्द्र सिंह (57) को हृदयाघात (एक्यूट एंटीरियर वॉल मायोकार्डियल इंफार्क्शन) की गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में भर्ती कराया गया। यहां हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास सेमवाल ने मरीज का तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सक द्वारा थ्रोम्बोलाइसिस के तहत स्ट्रेप्टोकाइनेज इंजेक्शन दिया गया, लेकिन उपचार से अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने परिजनों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र में रेस्क्यू पीसीआई (एंजियोप्लास्टी) की आवश्यकता बताई और मरीज को रेफर करने की सलाह दी।
इसके बाद परिजनों ने जिला प्रशासन से हेली एंबुलेंस की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। प्रशासन ने तत्काल यूकाडा (UCADA), देहरादून से समन्वय स्थापित कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था की।
इसके बाद मरीज को सुबह 11:28 बजे जोशियाड़ा हेलीपैड से एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया। गंभीर हृदयाघात की स्थिति में मरीज को समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की तत्परता से हेली एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई।




