सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने भी डीएम से ली घटना की जानकारी, राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी/मोरी। सीमांत जनपद उत्तरकाशी के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से मची तबाही के बाद शासन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक हलचल तेज हो गई है। गांव में कई आवासीय भवनों के आग की चपेट में आने और बड़ी संख्या में परिवारों के प्रभावित होने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ मौके पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा सहित जरूरी राहत सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने को भी कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें तत्काल राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने भी जताई संवेदनासंवेदना
पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड पर टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने भी गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए जिलाधिकारी उत्तरकाशी से दूरभाष पर वार्ता कर अग्निकांड की विस्तृत जानकारी ली। सांसद ने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने तथा पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशासन से प्रभावितों को आवश्यकतानुसार चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और नुकसान का त्वरित आकलन कर नियमानुसार हरसंभव सहायता देने को कहा। सांसद ने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक तत्काल मदद पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री और सांसद दोनों की ओर से प्रशासन को दिए गए निर्देशों के बीच अब प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने और उनके नुकसान का आकलन करने पर निगाहें टिकी हैं। सांसद ने भगवान बद्री विशाल से सभी ग्रामीणों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।



