एक आवासीय भवन से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते लिया विकराल रूप, गांव में मची चीख-पुकार और अफरातफरी; लाखों रुपये की संपत्ति जलने का अनुमान
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी/मोरी। सीमांत तहसील मोरी के दूरस्थ पवाणी गांव में मंगलवार देर शाम भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। एक आवासीय भवन में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अग्निकांड से 30 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं और लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार 24 नवंबर को शाम करीब 4:49 बजे ग्राम पवाणी में एक आवासीय भवन में आग लगने की सूचना आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी को मिली। ग्रामीण कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाने का प्रयास करते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास स्थित अन्य भवन भी आग की चपेट में आ गए। घरों में रखा खाद्यान्न, बर्तन, कपड़े, गैस सिलेंडर, नकदी और घरेलू सामान जलकर नष्ट होने की सूचना है। अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
बता दे कि 55-60 किमी दूर है घटनास्थल, राहत टीमों को पहुंचने में समय लगा है।
इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने तत्काल राहत एवं बचाव टीमें रवाना कीं। तहसील मोरी से पवाणी गांव की दूरी करीब 55 से 60 किलोमीटर है, जबकि सड़क मार्ग समाप्त होने के बाद घटनास्थल तक करीब 300 से 400 मीटर पैदल पहुंचना पड़ता है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते राहत टीमों को मौके तक पहुंचने में दो घंटे से अधिक का समय लगने की संभावना जताई गई। वही गांव में संचार सेवा नही हैं ।
प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, पशु चिकित्सक और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ रवाना की गईं। शुरुआती दौर में स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने में जुटे रहे। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण घटनास्थल से संपर्क स्थापित करने में भी दिक्कतें सामने आईं।
डीएम प्रशांत आर्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में रहे मौजूद
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं आपातकालीन परिचालन केंद्र में मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। आपदा प्रबंधन अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सामान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व टीम के माध्यम से नुकसान का आकलन और प्रभावित परिवारों की जानकारी जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।
तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। दुर्गम रास्ते और लंबी दूरी के कारण टीमों को मौके तक पहुंचने में समय लग रहा है।
अग्निकांड ने उजाड़े कई परिवारों के आशियाने
इस भीषण अग्निकांड ने पवाणी गांव के कई परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। वर्षों की मेहनत से तैयार मकान और घरों में संजोया सामान आग की भेंट चढ़ने से ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। प्रारंभिक सूचना में किसी जनहानि या पशुहानि की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि वास्तविक नुकसान और प्रभावित परिवारों की संख्या का पता राहत टीमों के मौके पर पहुंचने तथा विस्तृत सर्वे के बाद ही चल सकेगा।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में दमकल और राहत संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बीच इस घटना ने एक बार फिर दूरस्थ गांवों में अग्निकांड जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराने की है।




