Breaking
Wed. Nov 18th, 2026

डुंडा में किसान ऋण मेले में 90 लाभार्थियों को बांटे 79.78 लाख के चेक

40 नए कृषक बैंक से जुड़े, 38 निष्क्रिय स्वयं सहायता समूहों को किया गया सक्रिय

उत्तरकाशी। किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और स्वरोजगार की राह तलाश रहे युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड मुख्यालय डुंडा में किसान ऋण मेला-2026 का आयोजन किया गया। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित मेले में 90 कृषकों एवं लाभार्थियों को विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत 79.78 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं, 40 नए कृषक सदस्यों को बैंक से जोड़ने के साथ 38 पुराने निष्क्रिय कृषक समूहों को फिर से सक्रिय किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री एवं लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जगत सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार तथा बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने किया। इस दौरान बैंक के उपाध्यक्ष हरिमोहन चंद सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बैंक के निदेशक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि जिला सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। बैंक ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मेले में किसानों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं और सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही 20 कृषकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा गया।
मुख्य अतिथि जगत सिंह चौहान ने कहा कि इस तरह के ऋण मेले ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और किसानों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। वहीं, ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने जिला सहकारी बैंक की पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में बैंक के युवा उपाध्यक्ष हरिमोहन चंद, लोकेन्द्र सिंह बिष्ट, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं टिहरी जनपद के सह प्रभारी सतेन्द्र राणा, राष्ट्रीय आवास संघ के निदेशक विजय संतरी, बैंक निदेशक दिनेश लाल, नितीश रमोला, जिला सहायक निबंधक, बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
अंत में बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने सभी अतिथियों एवं कृषकों का आभार व्यक्त करते हुए बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!