धराली आपदा के बाद बदला सड़क का डिजाइन, अब 12 नहीं 11 मीटर चौड़ी बनेगी सड़क; नदी की ओर पुस्ता लगाकर होगा निर्माण
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। लंबे इंतजार और अड़चनों के बाद आखिरकार गंगोत्री हाईवे के चौड़ीकरण की उम्मीद धरातल पर उतरने जा रही है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बड़ेथी ओपन टनल से भैरव घाटी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के पहले चरण में बड़ेथी से तेखला (पैकेज नंबर पांच) तक करीब पांच किलोमीटर हिस्से में जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, धराली आपदा के बाद सड़क निर्माण के मानकों में बदलाव करते हुए अब इसकी चौड़ाई 12 मीटर के बजाय 11 मीटर रखी जाएगी।
धराली आपदा के बाद बदला निर्माण का प्लान
दरअसल, गंगोत्री हाईवे के चौड़ीकरण में पहाड़ों की कटिंग और भूस्खलन की आशंकाओं को देखते हुए अब निर्माण की रणनीति में बदलाव किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने धराली आपदा के बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई एक मीटर कम करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जहां पहाड़ की ओर अधिक कटिंग की जरूरत पड़ती, वहां नदी की तरफ पुस्ता और सुरक्षा दीवार बनाकर सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इससे पहाड़ों की अनावश्यक कटिंग कम करने और नए भूस्खलन जोन बनने की आशंका घटाने का प्रयास किया जाएगा।
बीआरओ ने कंपनी को सौंपा काम, कब्जों को नोटिस
बीआरओ के कमांडर राजकिशोर के मुताबिक बड़ेथी ओपन टनल से तेखला तक के हिस्से को निर्माण के लिए हैंडओवर कर दिया गया है। संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर कार्यदायी संस्था भारत कंस्ट्रक्शन को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुआवजे से संबंधित प्रक्रिया अगले 10 से 15 दिनों में पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद निर्माण कार्य को गति मिलेगी।
90 किलोमीटर सड़क का पांच चरणों में होना है चौड़ीकरण
गौरतलब है कि जनपद मुख्यालय उत्तरकाशी के चुंगी बड़ेथी ओपन टनल से भैरव घाटी तक करीब 90 किलोमीटर गंगोत्री हाईवे का चौड़ीकरण पांच चरणों में प्रस्तावित है। सामरिक आवाजाही के साथ ही गंगोत्री धाम की चारधाम यात्रा के लिहाज से भी यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, अलग-अलग स्थानों पर पहाड़ी भूगोल, अतिक्रमण और भूस्खलन की आशंकाओं के चलते परियोजना लंबे समय से अटकी हुई है।
तेखला से भैरव घाटी तक भी नए सिरे से समीक्षा
इधर, तेखला से भैरव घाटी के आसपास के हिस्सों में भी चौड़ीकरण की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इन चरणों में सड़क के एलाइनमेंट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में बदलाव संभव है। कोशिश है कि सड़क निर्माण के दौरान पहाड़ों की कटिंग न्यूनतम रखी जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में नदी की तरफ सुरक्षा दीवार बनाकर चौड़ाई विकसित की जाए।
वहीं, वीरवार को बीआरओ, तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम जेसीबी मशीन के साथ ज्ञानसू क्षेत्र में सड़क की जद में आ रहे कब्जों को हटाने के लिए मौके पर उतरी। ऐसे में अब बड़ेथी से तेखला तक चौड़ीकरण कार्य शुरू होने की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। लंबे समय से इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस बार परियोजना कागजों से निकलकर धरातल पर नजर आएगी।




