Breaking
Wed. Nov 25th, 2026

पवाणी अग्निकांड : 39 परिवारों तक पहुंची राहत, गांव में प्रशासन की टीमों ने संभाला मोर्चा

पवाणी अग्निकांड : 39 परिवारों तक पहुंची राहत, गांव में प्रशासन की टीमों ने संभाला मोर्चा

भोजन, कंबल, टेंट और दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित; सामुदायिक किचन शुरू, प्राथमिक विद्यालय में बनाया जा रहा आश्रय स्थल

चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने गांव में मोर्चा संभाल लिया है। आग की लपटों में घर और जीवनभर की जमा-पूंजी गंवाने वाले 39 परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रभावितों के लिए भोजन, अस्थायी आवास और दैनिक जरूरतों की व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाले हुए हैं। वह मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने और कार्यों में तेजी लाने में जुटे हैं।”
मंगलवार शाम करीब 4:49 बजे पवाणी गांव में हुए अग्निकांड में 39 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हुए, जिससे 39 परिवार प्रभावित हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया गया।

गांव में सामुदायिक किचन, स्कूल बनेगा आश्रय स्थल

अग्निकांड प्रभावितों को तत्काल भोजन उपलब्ध कराने के लिए गांव में सामुदायिक किचन स्थापित किया गया है। प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम तैयार कर उसे अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में उपयोग करने की व्यवस्था की जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने राहत कार्यों में सुविधा के लिए अस्थायी हेलिपैड का निर्माण भी किया है।
प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ठहराने, भोजन उपलब्ध कराने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी सामग्री पहुंचाने की है। गांव में राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
कंबल से लेकर राशन तक, राहत सामग्री की खेप पहुंची
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मात्रा में राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें 123 कंबल, 100 जैकेट, 24 टेंट, चार बड़े एवं रेडक्रॉस टेंट, 50 गद्दे, 50 बेडशीट-तकिया सेट, 45 गैस चूल्हे, 45 बर्तन सेट, 45 हाईजीन किट, 45 बाल्टी, 45 गमबूट, 15 सोलर स्ट्रीट लाइट, 50 टॉर्च, थाली, गिलास और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
इसके साथ ही 45 राशन किट गांव भेजी गई हैं। प्रत्येक किट में 20 किलो चावल के साथ आटा, तेल, नमक, चीनी, चाय और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल है। तहसील मोरी की ओर से भी चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, आलू, सोयाबड़ी और 15 तिरपाल वितरित किए गए हैं।

हेलीकॉप्टर से किया प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण

अग्निकांड प्रभावित क्षेत्र का आपदा प्रबंधन मंत्री, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव ने हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण किया। वहीं, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में तैनात हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!