Breaking
Thu. Nov 26th, 2026

उत्तराखंड में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 अफसरों के तबादले

उत्तराखंड में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 अफसरों के तबादले
छह जिलों को मिले नए पुलिस कप्तान, शासन से पुलिस महकमे तक बदली जिम्मेदारियां
चिरंजीव सेमवाल
देहरादून। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उत्तराखंड शासन और पुलिस महकमे में बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। शासन ने 34 अधिकारियों की तबादला सूची जारी करते हुए उनकी तैनाती और जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इनमें 12 आईएएस और 17 आईपीएस अधिकारियों के साथ पीसीएस एवं सचिवालय सेवा के अधिकारी भी शामिल हैं। सबसे बड़ा बदलाव पुलिस विभाग में हुआ है, जहां छह जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में यह फेरबदल किया गया है। आयोग ने 30 नवंबर तक लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों के स्थानांतरण के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन स्तर पर यह निर्णय लिया गया।
छह जिलों में बदले पुलिस कप्तान
तबादला सूची के अनुसार मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर का एसएसपी बनाया गया है। देवेंद्र पींचा को पौड़ी, अर्पण यदुवंशी को नैनीताल, सरिता डोबाल को टिहरी, अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली और जगदीश चंद्र को बागेश्वर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
कई चर्चित पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती
नैनीताल के एसएसपी रहे डॉ. मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक नियुक्त किया गया है। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार को सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है।
ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है, जबकि चमोली में तैनात सुरजीत पंवार को पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पंकज भट्ट, अमित श्रीवास्तव प्रथम, विशाखा अशोक भदाणे, जितेंद्र मेहरा, हरीश वर्मा और शाहजहां जावेद खान सहित अन्य अधिकारियों के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है।
आईएएस अधिकारियों के विभागों में भी फेरबदल
शासन स्तर पर प्रमुख सचिव एल. फैनई को आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दिलीप जावलकर को वित्त विभाग के सचिव पद से मुक्त किया गया है। डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि बृजेश कुमार संत को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का दायित्व दिया गया है।
पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारी भी बदले
आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के साथ पीसीएस तथा सचिवालय सेवा के अधिकारियों के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है। बीएस चलाल को निदेशक डेयरी विकास और निदेशक महिला डेयरी विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं इलागिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियुक्त किया गया है।
शासन से लेकर पुलिस महकमे तक हुए इस व्यापक फेरबदल में छह जिलों के पुलिस कप्तानों की नई तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से कानून व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों और विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन की अपेक्षा रहेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!