पवाणी के अग्निकांड पीड़ितों को पांच-पांच लाख की मदद, छह माह का राशन भी देगी सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने गांव पहुंचकर सुनीं प्रभावित परिवारों की पीड़ा, सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के निर्देश; बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से उजड़े परिवारों का दर्द बांटने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गांव पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर एक-एक पीड़ित से मुलाकात की और उनकी समस्याएं व जरूरतें सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अग्निकांड में नष्ट हुए छह माह के राशन की व्यवस्था करने और सर्दी व संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावितों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास में किसी तरह की लापरवाही न हो। अग्निकांड में ग्रामीणों के मकानों के साथ उनकी जीवनभर की जमा पूंजी और छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न और दैनिक जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े। इसके लिए अगले छह माह के राशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए सबसे पहले सभी प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए।
बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने कहा कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाएं की जाएं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने इस अग्निकांड में अपने आशियाने और जीवनभर की पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझना जरूरी है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास लौटाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे, लेकिन फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत देना और उनका पुनर्वास करना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का वास्तविक आकलन कर जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही वह जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के लगातार संपर्क में थे और राहत कार्यों की जानकारी ले रहे थे। इस दौरान विधायक और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने तथा राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचकर पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने पर भी ग्रामीणों ने धन्यवाद दिया।
वइइस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक मालचंद, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




