काशी विश्वनाथ मंदिर में लगा स्वास्थ्य शिविर, 300 मरीजों को मिला विशेषज्ञ परामर्श
देहरादून के जया सिद्धार्थ हॉस्पिटल की 15 सदस्यीय मेडिकल टीम ने दी सेवाएं, यूरोलॉजी, गुर्दा, स्त्री रोग और बाल रोग के विशेषज्ञों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की पहल के तहत देहरादून के जया सिद्धार्थ हॉस्पिटल की ओर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 300 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में अस्पताल की करीब 15 सदस्यीय मेडिकल टीम उत्तरकाशी पहुंची। इसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहा। जनरल मेडिसिन, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा बाल रोग विभाग के विशेषज्ञों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी।
शिविर का शुभारंभ आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। जया सिद्धार्थ हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. कुमार प्रशांत ने सबसे पहले भगवान श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने स्वयं मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श देना शुरू किया। मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में डॉ. कुमार प्रशांत, यूरोलॉजिस्ट डॉ. विपिन तेवानी, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अंकुर लस्कर, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. उपासना शर्मा और जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. पुनीत ने मरीजों को परामर्श दिया। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार आगे की जांच, उपचार और नियमित देखभाल के संबंध में भी मार्गदर्शन किया गया।
अस्पताल की नर्सिंग एवं पैरामेडिकल टीम ने भी शिविर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नवीन सिंह सहित टीम के सदस्यों ने मरीजों की सहायता की।
दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से अस्पताल समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों और जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन करता है।
शिविर के सफल आयोजन पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की पहल की सराहना की। अस्पताल की टीम ने सहयोग के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत अजय पुरी और मंदिर प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।




