तीनों सीटों पर जीत के लिए भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी, बूथों पर संगठन मजबूत करने का लक्ष्य
विस्तारित जिला कार्यसमिति में 2027 के चुनाव पर मंथन, सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने का संकल्प
नागेंद्र चौहान बोले—उत्तरकाशी की तीनों विधानसभा सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल कर प्रदेश में तीसरी बार बनाएंगे भाजपा सरकार
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। विधानसभा चुनाव-2027 की सियासी सरगर्मियों के बीच भाजपा उत्तरकाशी ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। जिले की तीनों विधानसभा सीटों गंगोत्री, यमुनोत्री और पुरोला पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है। पार्टी कार्यालय ज्ञानसू में आयोजित विस्तारित जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ। बैठक में भाजपा ने तीनों सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल कर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा मौजूद रहे। बैठक में जिला प्रभारी नवीन ठाकुर, सह प्रभारी विनोद रतूड़ी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया। चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि भाजपा उत्तरकाशी जनपद की तीनों विधानसभा सीटों पर निश्चित रूप से भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ व्यवस्था है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण, केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण, बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान और मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत तीर्थस्थलों का विकास प्रदेश को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
जिला प्रभारी नवीन ठाकुर ने समान नागरिक संहिता को समानता, सामाजिक न्याय और महिला अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सह प्रभारी विनोद रतूड़ी ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में विकसित उत्तराखंड की भूमिका पर जोर देते हुए सरकार और संगठन के समन्वय से कार्य करने की बात कही।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश चौहान ने राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका अनुमोदन गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र राणा ने किया। प्रस्ताव में राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य आंदोलनकारियों, मातृशक्ति और शहीदों के संघर्ष को याद करते हुए उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की प्रतिबद्धता जताई गई।
बैठक के अंत में भाजपा ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा चुनाव-2027 में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, मालचंद, रामसुंदर नौटियाल, मनवीर चौहान, जगत सिंह चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, कुलदीप रावत,चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट अखिलेश डबराल, राजेंद्र गंगाड़ी सहित पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।




