गोरखाली समुदाय ने व्यापार मंडल भवन बड़कोट में रखी श्रद्धांजलि सभा
चिरंजीव सेमवाल
बड़कोट/उत्तरकाशी। नेपाल में आई प्राकृतिक त्रासदी से हुई जनहानि पर बड़कोट में शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। गोरखाली समुदाय, उत्तराखंड की ओर से 14 सितंबर को शाम छह बजे व्यापार मंडल भवन बड़कोट में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) गोरखाली समुदाय, उत्तराखंड एवं बड़कोट निवासी दिनेश राणा ने नगर पालिका क्षेत्र के साथ ही आसपास के ग्रामों और क्षेत्रवासियों से श्रद्धांजलि सभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई विनाशकारी प्राकृतिक आपदा ने बड़ी संख्या में परिवारों को गहरा दुख पहुंचाया है। ऐसे कठिन समय में भारत के लोग नेपाल के साथ खड़े हैं।
सभा में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी तथा आपदा में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जाएगी। आयोजकों ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता के साथ खड़ा होना ही सच्ची एकजुटता है।
आयोजकों का संदेश— “हम सब साथ हैं, नेपाल के साथ हैं। एकजुटता ही हमारी शक्ति है और मानवता ही हमारी पहचान है।”


