पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने जताया गहरा दुख, बोले—
सामाजिक जीवन में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के वरिष्ठ सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ता तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख डुंडा और अष्टादश महापुराण समिति उत्तरकाशी के अध्यक्ष रहे वयोवृद्ध नेता हरि सिंह राणा का शुक्रवार तड़के करीब दो बजे ऋषिकेश स्थित एम्स में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से उत्तरकाशी जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था।
हरि सिंह राणा के निधन पर पूर्व विधायक गंगोत्री विजयपाल सिंह सजवाण ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राणा का निधन उनके लिए व्यक्तिगत रूप से तथा उत्तरकाशी के सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वह वरिष्ठ नेता होने के साथ ही सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते रहे।
सजवाण ने कहा कि हरि सिंह राणा उनके लिए अभिभावक के समान थे। राजनीतिक और सामाजिक जीवन में उन्होंने सदैव स्नेह, मार्गदर्शन और सहयोग दिया। उनका सहज व्यक्तित्व और समाज को जोड़ने की भावना लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि राणा ने अपने सार्वजनिक जीवन में सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने के साथ ही नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का कार्य किया। उनके निधन से परिवारजनों और निकट संबंधियों के साथ ही पूरे उत्तरकाशी के सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र को गहरी क्षति हुई है।
हरि सिंह राणा का अंतिम संस्कार शनिवार को केदार घाट पर किया जाएगा। उनके निधन पर जिले के राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।



