Breaking
Fri. Aug 14th, 2026

किशोर भट्ट ने एक लाख दिए, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो लाख मंजूर

 

आठ साल से सऊदी में फंसे इंद्रमणि की वापसी की उम्मीद, मदद को बढ़े हाथ

चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। कहते हैं, “जशो नामो तसो गुण” यानी जैसा नाम, वैसे ही गुण। यह कहावत जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण पर सटीक बैठती है। गरीब और जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार आगे आने वाले बिजल्वाण ने डुंडा ब्लॉक के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल के परिवार की मदद के लिए पहल की है।

इंद्रमणि नौटियाल पिछले आठ-नौ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हैं। उनकी कानूनी रिहाई के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये की धनराशि की आवश्यकता बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनकी बेटी दीपिका नौटियाल ने मदद की मार्मिक अपील की थी।

करीब दो सप्ताह पहले दीपक बिजल्वाण गोरसाड़ा गांव पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके बाद गंगोत्री क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने भी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए। पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने भी परिवार को 51 हजार रुपये की सहायता देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

इसी बीच मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो लाख रुपये की सहायता मंजूर कराई। शुक्रवार को किशोर भट्ट दोबारा गोरसाड़ा गांव पहुंचे और अपने स्तर से परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

किशोर भट्ट ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री को भी पत्र लिखा है और जल्द ही केंद्र सरकार की ओर से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!