लोक आस्था के मेलों से विकास का संदेश: पाही और नेताला में विजयपाल सजवाण ने साधा संस्कृति और जनसरोकारों का संगम
उत्तरकाशी। टकनौर के पाही गांव में भगवान समेश्वर महाराज के आशीर्वाद और नेताला में बासुकी नाग देवता की पावन छत्रछाया के बीच शुक्रवार को गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने एक बार फिर लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को केंद्र में रखा। पारम्परिक मेलों में उनकी मौजूदगी केवल धार्मिक सहभागिता तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से उन्होंने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास की जरूरतों को भी प्रमुखता से उठाया।
सावन की दो गते पर पाही गांव में आयोजित भगवान समेश्वर महाराज के पारम्परिक मेले में पहुंचे सजवाण ने कहा कि उत्तरकाशी के लोक मेले केवल उत्सव नहीं, बल्कि सदियों पुरानी सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में भी इन परम्पराओं का जीवित रहना पहाड़ की सांस्कृतिक शक्ति का प्रमाण है।
उन्होंने माँ भगवती चंदोमती और भगवान समेश्वर महाराज से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और परम्पराओं से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इसके बाद सजवाण नेताला गांव में आयोजित पारम्परिक फूलोई मेले में पहुंचे, जहां उच्च हिमालयी बुग्यालों से श्रद्धापूर्वक लाए गए देव पुष्पों का प्रसाद ग्रहण कर उन्होंने इस अनूठी परम्परा को प्रकृति और संस्कृति के अद्भुत संगम की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि फूलोई मेला हिमालय, प्रकृति और लोक आस्था के उस रिश्ते का उत्सव है, जिसने सदियों से उत्तरकाशी की सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखा है।
चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव नेताला की सुविधाओं पर उठाया सवाल
चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित नेताला गांव का उल्लेख करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि हर वर्ष हजारों यात्री यहां रात्रि विश्राम करते हैं, लेकिन इसके अनुरूप सुविधाओं का विकास अभी भी अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार और आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण केवल स्थानीय लोगों की जरूरत नहीं, बल्कि चारधाम यात्रा की दृष्टि से भी जरूरी है।
“नेताला तक सड़क न पहुंचा पाने का दर्द आज भी है”
राजनीतिक भाषणों से अलग एक भावनात्मक स्वीकारोक्ति करते हुए विजयपाल सजवाण ने कहा कि जनप्रतिनिधि रहते हुए उन्हें उप चिकित्सालय, विद्यालय भवन, पेयजल योजनाएं और सिंचाई लिफ्ट जैसी कई योजनाओं को क्षेत्र में लाने का अवसर मिला, लेकिन नेताला गांव तक सड़क निर्माण का सपना अधूरा रह जाना आज भी उन्हें कचोटता है।
इस अवसर पर बीकेटीसी के पूर्व सदस्य एवं गंगोत्री धाम के रावल श्री कृपाराम सेमवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री खुशहाल नेगी, जिला पंचायत प्रतिनिधि नेताला अनिल रावत, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश नेगी, सोहनपाल राणा, प्रद्युम्न चौहान, जानकी पंवार, प्रधान नेताला राकेश सेमवाल, प्रधान सिरोर वीरेंद्र रावत सहित दोनों गांवों के अनेक ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



