Breaking
Fri. Aug 14th, 2026

सऊदी अरब में आठ-नौ साल से फंसे इंद्रमणि की घर वापसी की उम्मीद जगी

मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने परिवार को एक लाख रुपये की सहायता दी, विदेश मंत्री को पत्र लिखने की जानकारी

चिरंजीव सेमवाल 
उत्तरकाशी। डुंडा ब्लॉक के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल की सऊदी अरब से सुरक्षित और कानूनी घर वापसी के प्रयास लगातार जारी हैं। पिछले आठ-नौ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि की रिहाई के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये की धनराशि की आवश्यकता बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनकी बेटी दीपिका नौटियाल ने मदद की मार्मिक अपील की थी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाना शुरू किया है।
मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो लाख रुपये की सहायता मंजूर कराई है। शुक्रवार को किशोर भट्ट दोबारा गोरसाड़ा गांव पहुंचे और अपने स्तर से परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इंद्रमणि की वापसी के मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री को भी पत्र लिखा है। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है।
इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए बड़ी धनराशि की जरूरत होने के कारण परिवार ने समाज के सक्षम लोगों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। स्थानीय स्तर पर भी अब लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं। परिवार को उम्मीद है कि सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से वर्षों से विदेश में फंसे इंद्रमणि जल्द अपने घर और परिवार के बीच लौट सकेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!