Breaking
Fri. Nov 13th, 2026

नशे की गिरफ्त में आए तो सपनों से दूर हो जाएंगे युवा : डीएम प्रशांत आर्य

करियर काउंसलिंग में विद्यार्थियों को सफलता के बताए मंत्र, बोले- लक्ष्य तय कर अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ करें मेहनत
उत्तरकाशी। नशा युवाओं के सपनों और सुनहरे भविष्य का सबसे बड़ा बाधक है। इससे दूर रहकर ही शिक्षा, अनुशासन और संकल्प के बल पर जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है। यह बात जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी में आयोजित करियर काउंसलिंग एवं संवाद गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कही।
नशा मुक्त भारत अभियान की छठवीं वर्षगांठ और राज्योत्सव कार्यक्रम के तहत आयोजित गोष्ठी में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं और भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक करना था।
डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। नशे की गिरफ्त में आने से उनका व्यक्तिगत भविष्य ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति भी प्रभावित होती है। सफलता के लिए सबसे पहले स्वयं को समझना और अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग, निरंतर अध्ययन, आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। कहा कि अपने पैशन को लक्ष्य बनाकर पूरे समर्पण के साथ मेहनत करें और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।
मोबाइल से दूरी, किताबों से दोस्ती जरूरी
अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल की आभासी दुनिया में समय गंवाने के बजाय पुस्तकों को अपना मित्र बनाएं। माता-पिता और अच्छे मित्रों के संपर्क में रहें तथा समय प्रबंधन के साथ नियमित अध्ययन करें।
सेना से लेकर प्रशासनिक सेवाओं तक बताए करियर के रास्ते
गोष्ठी में विद्यार्थियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा, प्रांतीय सिविल सेवा, शिक्षा, वन, स्वास्थ्य, भारतीय सेना, खेल और संगीत के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने स्वास्थ्य सेवाओं में उपलब्ध अवसरों और आवश्यक शैक्षिक योग्यताओं के बारे में बताया। सेवानिवृत्त मेजर आरएस जमनाल ने सेना में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को शारीरिक दक्षता, नियमित व्यायाम, योग और अनुशासन का महत्व समझाया। अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
अधिकारियों से सीधे सवाल पूछकर जानी करियर की राह
संवाद सत्र में छात्राओं सरण्य थपलियाल और कुमुद पंवार तथा छात्र केशव नौटियाल ने विद्यार्थियों की ओर से अधिकारियों के समक्ष विभिन्न सवाल रखे। अन्य छात्र-छात्राओं ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। अधिकारियों ने सवालों के जवाब देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों से परिचित कराने के साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समाज कल्याण विभाग की ओर से मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं को अभियान के संदेश से जुड़ी टी-शर्ट, कप और स्मृति चिह्न भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में डिप्टी एसपी जनक पवार, उपनिदेशक मत्स्य नितेश, सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव, एसडीओ वन सुनील बलूनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, गंगोत्री फिजिकल अकादमी के संस्थापक चंद्र मोहन पंवार, स्पोर्ट्स स्टेडियम मनेरा के कोच मनीष एवं कृतिका सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन प्रभारी अपर/सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी ने किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!