प्लॉट और फ्लैट के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप, 200 लोगों को शिकार बनाने का दावा
राजेंद्र अग्रवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ प्रेस क्लब में पीड़ितों ने खोला मोर्चा, छह लोगों ने सुनाई आपबीती; 23.50 लाख से लेकर 35 लाख रुपये तक की अग्रिम धनराशि फंसने का आरोप
देहरादून। प्लॉट और फ्लैट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की अग्रिम धनराशि लेने और बाद में जमीन के दस्तावेज फर्जी निकलने के आरोपों को लेकर राजेंद्र अग्रवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी (आरए कंस्ट्रक्शन कंपनी), सालावाला के खिलाफ पीड़ितों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में अक्षत ममगई समेत कई पीड़ितों ने कंपनी पर धोखाधड़ी और ठगी के गंभीर आरोप लगाए। पीड़ितों का दावा है कि कंपनी की ओर से करीब 200 लोगों के साथ भूमि संबंधी धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने पुलिस और शासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उनकी धनराशि वापस दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रेसवार्ता में अक्षत ममगई ने बताया कि उन्होंने सहसपुर थाना क्षेत्र के मेदनीपुर में एक प्लॉट खरीदने के लिए 27 मार्च 2026 को कंपनी के साथ अनुबंध किया था। इसके एवज में 23.50 लाख रुपये अग्रिम दिए। जुलाई में जब वह साइट पर पहुंचे तो काश्तकार ने रास्ता बंद किया हुआ था। कंपनी से संपर्क करने पर रास्ता खुलवाने का आश्वासन दिया गया। बाद में जमीन की जांच कराई तो संबंधित कंपनी के नाम वहां भूमि नहीं होने और दिखाए गए दस्तावेजों के कथित रूप से फर्जी होने की जानकारी मिली। इसके बाद सितंबर में सौदा निरस्त कर रकम वापस मांगी, लेकिन तीन माह से उन्हें टालने का आरोप है।
चमोली निवासी मनोज भंडारी ने बताया कि सभावाला में प्लॉट के लिए उनसे 35 लाख रुपये अग्रिम लेकर अनुबंध किया गया था। जांच में वहां कंपनी के नाम भूमि नहीं होने और दस्तावेज कूटरचित होने की बात सामने आई। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी की प्रबंधक रिचा भल्ला से रकम वापसी की मांग करने पर लगातार आश्वासन दिए गए। सितंबर में कंपनी स्वामी राजेंद्र अग्रवाल से मिलने पर कथित रूप से उन्हें कार्यालय से बाहर कर दिया गया और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर कहीं भी शिकायत करने की बात कही गई। भंडारी के अनुसार, उन्होंने पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
2022 से फ्लैट का इंतजार, रकम भी वापस नहीं
तारा चंद गुप्ता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उनसे फ्लैट के नाम पर अग्रिम धनराशि ली गई, लेकिन आज तक न फ्लैट मिला और न रकम वापस की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री पोर्टल, मुख्यमंत्री पोर्टल और पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत करने की बात कही।
चांद मोहम्मद ने बताया कि ईस्ट होपटाउन में खसरा संख्या 873 के तहत प्लॉट देने के नाम पर उनसे 12.75 लाख रुपये लेकर जनवरी 2026 में विक्रय अनुबंध किया गया। आरोप है कि जांच में दिखाई गई प्लॉटिंग खसरा संख्या 919-ह की सरकारी भूमि पर होने की जानकारी मिली। उन्होंने 14 सितंबर को एसएसपी कार्यालय और 26 सितंबर को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात कही।
सभावाला में प्लॉट के नाम पर 10 लाख लेने का आरोप
डिफेंस कॉलोनी निवासी अभिषेक बिष्ट ने बताया कि कंपनी स्वामी राजेंद्र अग्रवाल ने सभावाला में प्लॉट दिखाकर उनसे 10 लाख रुपये लिए और 29 जुलाई 2025 को विक्रय अनुबंध किया। बाद में जमीन के दस्तावेजों की जांच कराने पर उनके कथित रूप से फर्जी और बनावटी होने की जानकारी मिली। रकम वापसी के लिए कई बार अनुरोध करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने 11 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक देहरादून को शिकायत देने की बात कही।
सतीश कंसल ने बताया कि मेदनीपुर में प्लॉट के नाम पर उनसे 10.41 लाख रुपये लेकर अनुबंध किया गया था। बाद में जांच में जमीन के दस्तावेज कथित रूप से फर्जी पाए गए। सौदा निरस्त कर रकम वापस मांगने के बावजूद उन्हें कंपनी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को भी शिकायत देने की जानकारी दी।
निष्पक्ष जांच और धनराशि वापसी की मांग
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत और धनराशि वापस मांगने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं। कुछ पीड़ितों ने मानसिक प्रताड़ना और धमकियां मिलने की बात भी कही। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से कंपनी के भूमि संबंधी दस्तावेजों, विक्रय अनुबंधों और धनराशि के लेनदेन की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।




