भालसी की पांडव लीला में पहुंचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, देवडोलियों के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर दिया जोर, आयोजन समिति को दी बधाई
उत्तरकाशी। धनारी क्षेत्र की ग्राम पंचायत भालसी में आयोजित भव्य पांडव लीला में शुक्रवार को आस्था और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। पांडव लीला में गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने शिरकत कर देवडोलियों के दर्शन किए और देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सजवाण ने कहा कि पांडव लीला उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों की विरासत को संजोने का सशक्त माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी जड़ों, रीति-रिवाजों और पारंपरिक लोकजीवन से परिचित होती है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की विशिष्ट लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सामूहिक सहभागिता से ही इन परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।
सजवाण ने भव्य आयोजन के सफल संचालन के लिए ग्राम पंचायत भालसी और आयोजन समिति को बधाई देते हुए ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, वरिष्ठ समाजसेवी प्यारचंद कुमाईं, ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह, भटगांव के प्रधान ललित भट्ट, चकोन के प्रधान अनिल राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।




