बाल दिवस पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, रंगोली से लेकर गायन और नृत्य में बिखेरे हुनर के रंग
सौरभ फाउंडेशन की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया सम्मानित
उत्तरकाशी। बाल दिवस के अवसर पर सौरभ फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय बाल प्रतिभा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे बच्चों ने चित्रकला, रंगोली, वाद-विवाद, एकल एवं सामूहिक गायन और सामूहिक नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उन्हें नशे से दूर रहकर खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र , नगरपालिका प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह चौहान, सभासद आदित्य चौहान, अमरीकन पुरी, मनीष पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य आकाश नेगी, काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत अजय पुरी सहित अन्य अतिथि एवं शिक्षाविद मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी भी जरूरी है।
प्रतियोगिताओं में चित्रकला में वेदांत नौटियाल ने प्रथम, रुद्र ने द्वितीय और आकाश भट्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में महर्षि विद्या मंदिर प्रथम, कीर्ति इंटर कॉलेज द्वितीय और एमडीएस तृतीय स्थान पर रहा। वाद-विवाद प्रतियोगिता में अनुराधा और शौर्य की जोड़ी प्रथम, प्रतीक्षा और प्रिया द्वितीय तथा मयंक और आदित्य तृतीय रहे।
एकल गायन में रोहित ने प्रथम, दिया रावत ने द्वितीय और आदित्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक गायन में राधिका टीम प्रथम, ऋषिका टीम द्वितीय और आराधना टीम तृतीय रही। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में भी बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
सौरभ फाउंडेशन के संस्थापक आकाश भट्ट ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराता रहेगा। कार्यक्रम का समापन डुंडा के ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने किया।
इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘नशे को ना, खेल और जिंदगी को हां’ रहा।




