Breaking
Mon. Jul 20th, 2026

तीन माह से पेंशन को तरसीं बुजुर्ग आंखें, बैंक के चक्कर काटते-काटते थके कदम

 

उत्तरकाशी : 9,993 वृद्ध और 72 दिव्यांग पेंशनधारकों को नहीं मिली पेंशन

चिरंजीव सेमवाल

उत्तरकाशी। बुढ़ापे की सबसे बड़ी आस मानी जाने वाली वृद्धावस्था पेंशन उत्तरकाशी जिले के हजारों बुजुर्गों के लिए पिछले तीन माह से महज इंतजार बनकर रह गई है। हर महीने बैंक खाते में आने वाली पेंशन की उम्मीद लिए कई बुजुर्ग रोज बैंक और समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाते अब भी खाली हैं। हालात ऐसे हैं कि कुछ बुजुर्ग पेंशन मिलने की आस लगाए ही इस दुनिया से विदा हो गए।
जिले में कुल 26,557 वृद्धावस्था पेंशनधारक हैं। इनमें 9,993 लाभार्थियों को केंद्र पोषित योजना और 14,164 को राज्य सेक्टर से पेंशन मिलती है। वहीं 4,877 दिव्यांग पेंशनधारकों में 72 केंद्र सेक्टर तथा 4,804 राज्य सेक्टर के अंतर्गत आते हैं।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार केंद्र सरकार से धनराशि प्राप्त न होने के कारण केंद्र पोषित योजना के लाभार्थियों की दो से तीन माह की पेंशन जारी नहीं हो सकी। जबकि राज्य सेक्टर के अंतर्गत स्वीकृत सभी पेंशनधारकों को नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा है।
यानी जिले के 9,993 वृद्ध और 72 दिव्यांग, कुल 10,065 लाभार्थी, पिछले तीन माह से पेंशन का इंतजार कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिनके लिए यह पेंशन ही दवा, राशन और रोजमर्रा के खर्च का एकमात्र सहारा है। आर्थिक तंगी के बीच बुजुर्गों की निगाहें बैंक खातों और मोबाइल पर आने वाले संदेशों पर टिकी हैं, लेकिन राहत अब तक नहीं मिली।
विडंबना यह है कि एक ओर सरकार गांव-गांव जाकर ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनसमस्याएं सुनने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर हजारों बुजुर्ग और दिव्यांग अपने अधिकार की पेंशन के लिए लगातार बैंक और विभाग के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
जे
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
कहना है समाज कल्याण विभाग का

विभागीय अधिकारियों के अनुसार केंद्र पोषित योजना की धनराशि में देरी के वजह से समय से जारी नहीं हो सका । बजट मिलते ही लंबित पेंशन का भुगतान एकमुश्त लाभार्थियों के खातों में भेज दिया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!