Breaking
Tue. Nov 17th, 2026

पहाड़ों की चुनौती पर दमखम दिखा रहे आठ राज्यों के 80 खिलाड़ी, एनआईएम में क्लाइंबिंग चैंपियनशिप का रोमांच

30वीं आईएमएफ नॉर्थ जोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर,

चार पैरा एथलीटों का जज्बा बना आकर्षण

लीड, स्पीड और बोल्डरिंग स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

उत्तरकाशी। पहाड़ों की कठिन चढ़ाइयों को चुनौती देने का साहस और ऊंचाइयों को छूने का जुनून… नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) उत्तरकाशी में आयोजित 30वीं आईएमएफ नॉर्थ जोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का ऐसा ही रोमांच देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को भी विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में चार पैरा एथलीट भी हिस्सा लेकर अपने जज्बे और दृढ़ संकल्प से अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
16 से 18 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप में उत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुल 80 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर (ओपन) वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
तीन विधाओं में आजमाया दमखम
चैंपियनशिप में लीड क्लाइम्बिंग, स्पीड क्लाइम्बिंग और बोल्डरिंग की तीन प्रमुख विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। दीवारों पर संतुलन बनाकर ऊंचाई हासिल करने से लेकर निर्धारित समय में तेजी से लक्ष्य तक पहुंचने और कठिन क्लाइम्बिंग चुनौतियों को पार करने तक खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के दूसरे दिन आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में आईएमएफ नॉर्थ जोन के चेयरमैन कर्नल अमित बिष्ट, एसएम (सेवानिवृत्त) और एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित ने विभिन्न श्रेणियों एवं विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एनआईएम के रजिस्ट्रार प्रवीण कुमार, मेजर आरएस जामनाल (सेवानिवृत्त), होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूरा, दीपेंद्र पंवार, ट्रैकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा, मनोज रावत और विशाल कलूरा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
18 नवंबर तक चलेगी प्रतियोगिता
यह चैंपियनशिप विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आपसी अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान कर रही है। इससे देश में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ रही है। प्रतियोगिता का समापन 18 नवंबर को होगा। अंतिम दिन भी विभिन्न आयु वर्गों और विधाओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!