1.90 लाख रुपये आंकी गई बरामद स्मैक की कीमत, उत्तरकाशी और हरिद्वार में दर्ज हैं कई मुकदमे; गैंगस्टर एक्ट में भी हो चुकी है कार्रवाई
उत्तरकाशी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने ज्ञानसू के जोकाणी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 6.26 ग्राम अवैध स्मैक और बिक्री से अर्जित 9,200 रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1.90 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभित उर्फ बबलू के रूप में हुई है। 15 नवंबर की शाम जोकाणी, ज्ञानसू के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने उसे संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक और नकदी बरामद हुई। मामले में कोतवाली उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशे के कारोबार में पुराना नाम, गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध उत्तरकाशी और हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2018 और 2022 में उत्तरकाशी तथा वर्ष 2021 में हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन तथा सीओ जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जगत सिंह, अपर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी गोविंद गुसाईं और चालक जयेन्द्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।




