छानियों और बगीचे की ओर जाते समय झाड़ियों से निकले भालू ने बोला हमला, साथी के शोर मचाने पर जंगल की ओर भागा; वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
उत्तरकाशी। जनपद के मोरी क्षेत्र में भालुओं की आबादी के आसपास बढ़ती आवाजाही ग्रामीणों के लिए खतरा बनती जा रही है। रविवार को मोरी विकासखंड के जखोल गांव में भालू ने 17 वर्षीय किशोर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, जखोल गांव निवासी अभिषेक पुत्र सुबेलाल रविवार को छानियों और बगीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक सामने आए भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले से किशोर संभल पाता, इससे पहले भालू ने उसे घायल कर दिया। इस दौरान साथ मौजूद दूसरे युवक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर भालू किशोर को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल अभिषेक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोरी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन्यजीव पशु विहार की उप निदेशक निधि सेमवाल ने बताया कि विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद जखोल क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ जंगली जानवर भोजन और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में आबादी के नजदीक पहुंचने लगते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने अपील की कि ग्रामीण जंगल की ओर अकेले न जाएं तथा सुबह-शाम और रात के समय आवाजाही करते हुए सतर्क रहें।
सर्दियों में बढ़ रहा मानव-वन्यजीव संघर्ष
मोरी क्षेत्र के गांवों में भालुओं की बढ़ती सक्रियता ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। खेतों, बगीचों और छानियों की ओर जाने वाले ग्रामीणों को हर समय वन्यजीवों के हमले का खतरा बना रहता है। जखोल की ताजा घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती को सामने ला दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई है।




