Breaking
Sat. Nov 14th, 2026

उत्तराखंड के युवाओं को देशभर में मिलेगा रोजगार, 19 नवंबर को प्लेसमेंट साक्षात्कार

उत्तराखंड के युवाओं को देशभर में मिलेगा रोजगार, 19 नवंबर को प्लेसमेंट साक्षात्कार

पतंजलि योगग्राम समेत कई प्रतिष्ठित आयुर्वेदिक संस्थानों में महिला और पुरुष पंचकर्म टेक्नीशियन व पंचकर्म अटेंडेंट की होगी भर्ती

भारतीय चिकित्सा परिषद की पहल, हर्रावाला स्थित कार्यालय में आयोजित होगा प्लेसमेंट कार्यक्रम

देहरादून। उत्तराखंड के आयुष डिप्लोमाधारक युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। प्रदेश के पंचकर्म सहायक डिप्लोमाधारकों को अब उत्तराखंड के साथ ही देश के अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित आयुर्वेदिक संस्थानों में भी रोजगार मिल सकेगा। इसके लिए भारतीय चिकित्सा परिषद, उत्तराखंड की ओर से आगामी 19 नवंबर को प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पतंजलि योगग्राम समेत देश के कई प्रमुख आयुर्वेदिक संस्थानों में महिला एवं पुरुष पंचकर्म टेक्नीशियन और पंचकर्म अटेंडेंट के पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार होंगे।
परिषद के हर्रावाला स्थित कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होने वाले इस प्लेसमेंट कार्यक्रम में अभ्यर्थियों को सीधे संस्थानों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार देने का अवसर मिलेगा। पंचकर्म सहायकों की मांग करने वाले संस्थानों में हरिद्वार स्थित पतंजलि योगग्राम, हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालयम, उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित राष्ट्रीय इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड मेडिकल साइंस तथा देहरादून का बीहाइव आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शामिल हैं। इन संस्थानों को महिला और पुरुष पंचकर्म सहायकों की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त अन्य ऐसे संस्थान भी अपनी मांग परिषद को भेजकर प्लेसमेंट कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जिन्हें पंजीकृत डिप्लोमा थेरापिस्ट की आवश्यकता है।
इस संबंध में परिषद कार्यालय में अध्यक्ष डॉ. जेएन नौटियाल की अध्यक्षता में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 19 नवंबर को होने वाले प्लेसमेंट कार्यक्रम की तैयारियों और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर चर्चा की गई। इस दौरान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र राणा, रजिस्ट्रार नर्मदा गुसाईं, सहायक रजिस्ट्रार संदीप सेमवाल, संदीप तोपवाल सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
परिषद अध्यक्ष डॉ. जेएन नौटियाल ने कहा कि परिषद में प्लेसमेंट सेल का गठन आयुष डिप्लोमाधारकों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में अभिनव पहल है। पिछले वर्षों में प्रदेश के कई बेरोजगार आयुष डिप्लोमाधारकों को देशभर के निजी संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। अब बड़े आयुष एवं वेलनेस सेंटर भी लगातार प्रशिक्षित युवाओं की मांग के लिए परिषद से संपर्क कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष वेलनेस के क्षेत्र में पंचकर्म जैसे रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रम बहुत कम राज्यों में संचालित किए जा रहे हैं। उत्तराखंड ने इस क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए पहले ही ऐसे पाठ्यक्रम शुरू कर युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते तैयार किए हैं। वैश्विक स्तर पर आयुष एवं वेलनेस क्षेत्र में बढ़ती संभावनाएं प्रदेश के प्रशिक्षित युवाओं के लिए देश ही नहीं, विदेशों में भी रोजगार के अवसर पैदा कर रही हैं।
डॉ. नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आयुष मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आयुष क्षेत्र के विकास और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में प्रदेश के कई सरकारी आयुष चिकित्सालयों में भी इन डिप्लोमाधारकों को नियुक्तियां दी गई हैं। परिषद अब इसी दिशा में निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि परिषद की योजना भविष्य में आयुष वेलनेस क्षेत्र में प्रशिक्षित और दक्ष मैनपावर को विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की है। वहीं परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र राणा ने इस पहल का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने का सुझाव दिया, ताकि प्रदेश के अधिकाधिक पात्र युवा इसका लाभ उठा सकें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!