दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर, अचानक बढ़े गदेरे के तेज बहाव में बहा
उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय के ज्ञानसू निवासी 16 वर्षीय अनमोल जोशी रविवार दोपहर बड़ेथी गाड़ में नहाने के दौरान अचानक आए तेज बहाव में बह गया। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। घटना के बाद पूरे ज्ञानसू क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अनमोल जोशी अपने दोस्तों के साथ लक्की ओपन टनल के समीप बड़ेथी गाड़ में नहाने गया था। इसी दौरान गदेरे में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिसकी चपेट में आकर वह बह गया। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर घटना की सूचना स्थानीय लोगों और प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और क्यूआरटी की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक टीमें गदेरे और आसपास के क्षेत्र में अनमोल की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
बताया जा रहा है कि अनमोल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे ज्ञानसू क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान जारी रहने की बात कही है।


