Breaking
Tue. Jul 28th, 2026

रावल सतीश सेमवाल बने आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के संयोजक, कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जताई खुशीखुशी

 

आपदा के मोर्चे पर भाजपा ने बढ़ाई तैयारी, रावल सतीश बने जिला संयोजक

राहत-बचाव कार्यों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने पर रहेगा फोकस : सतीश सेमवाल

चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी : भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के जिला संयोजकों की घोषणा करते हुए उत्तरकाशी जनपद की जिम्मेदारी गंगोत्री धाम के रावल सतीश सेमवाल को सौंपी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के निर्देशानुसार तथा प्रदेश आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी की सहमति के बाद रावल सतीश सेमवाल की नियुक्ति की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति की विधिवत घोषणा की।
पार्टी का कहना है कि आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के पुनर्गठन का उद्देश्य प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक सक्रिय, सशक्त और समन्वित बनाना है, ताकि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
नवनियुक्त जिला संयोजक रावल सतीश सेमवाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए दायित्वों का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जिला आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील है। यह जोन 4 और 5 में आता है। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के माध्यम से आपदा से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
रावल सतीश सेमवाल की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी, प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बैशाखू लाल, भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह पंवार, संजय उनियाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए रावल सतीश सेमवाल को शुभकामनाएं दीं।

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!