Breaking
Mon. Oct 27th, 2025

यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन  करने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं  सीएम धामी

By sarutalsandesh.com May 1, 2025

गंगोत्री के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुले

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नाम से दोनों धामों में की गई पहली पूजा।

चिरंजीव सेमवाल 

उत्तरकाशी:  अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर बुधवार सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम पूजा अर्चना कर मां गंगा से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंडवासियों के लिए यह पर्व किसी उत्सव से कम नहीं है। उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा में सम्मिलित होने का आमंत्रण देते हुए बताया कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार की सभी तैयारियां पूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की है। पुष्कर सिंह धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। इस अवसर पर गंगोत्री एवं यमुनोत्री मंदिर के ऊपर हैलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

इस मौके पर तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ देवी की भोग मूर्ति (चल विग्रह) को गर्भगृह में स्थापित कर विधिपूर्वक पूजा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से धाम में पहली पूजा संपन्न कराई गई। कपाट खुलते ही गंगोत्री धाम “हर-हर गंगे” के जयकारों से गूंज उठा और मंदिर प्रांगण में फूलों की वर्षा की गई।
धाम में उपस्थित तीर्थ यात्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बने। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने मुख्यमंत्री धामी के समक्ष झांगला मोटर मार्ग निर्माण की मांग भी रखी।

गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अभिषेक के साथ पूर्वाह्न 10 बजकर 30 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गये। मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से चलकर यमुनोत्री धाम पहुंची। धार्मिक विधि- विधान के साथ पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर यमुनात्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। कपाट खुलने के अवसर पर देश विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किये तथा गंगा और यमुना में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।

चारधाम यात्रा की परंपरा वामावर्ती क्रम में होती है, जिसमें यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ शामिल हैं।

गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान,सचिव सुरेश सेमवाल, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल, अपर जिलाधिकारी पी.एल. शाह, डुंडा के उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, भटवाड़ी की उपजिलाधिकारी भटवाड़ी शालीन नेगी, पालिकाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान,रावल रवीन्द्र सेमवाल व संजीव सेमवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यमुनोत्री धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी एस.एल सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल ,सचिव सुनील उनियाल खंड विकास अधिकारी नौगांव प्रकाश पंवार भी मौजूद थे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!