प्रभारी मंत्री ने सौरभ बहुगुणा ने की 10 लाख रुपये सहायता की घोषणा।।
उत्तरकाशी: भारी बारिश के चलते भूस्खलन से प्रभावित ग्राम पंचायत छेणद खालसी के परिवारों से मिलने रविवार को पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण राजकीय प्राथमिक विद्यालय छेणद पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान भाजपा नेता दीपक बिजल्वाण ने ग्रामीणों की जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से दूरभाष पर वार्ता भी कराई। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत छेणद के लिए आपदा राहत मद में जिला योजना से 10 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रभावित परिवारों की प्रत्येक जायज मांग को प्रशासन और संबंधित विभागों तक पूरी मजबूती के साथ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विभागों के समन्वय से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के स्थायी और समुचित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला न समझें। उनके दुख-दर्द में पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है और हर चुनौती का सामना मिलकर किया जाएगा।
इस मौके पर ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में सुरक्षा उपायों और राहत कार्यों को शीघ्र गति देने की मांग उठाई।



