उत्तरकाशी :
मातृ-शिशु मृत्यु दर मैं कमी लानै की तैयारी, 30 एएनएम को दिया विशेष प्रशिक्षण
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान से लेकर सुरक्षित प्रसव और नवजात की देखभाल तक सिखाए जा रहे हुनर
हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट जौलीग्रांट के ग्रामीण विकास संस्थान की ओर से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया फाउंडेशन दे रहा सहयोग
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। गर्भावस्था के दौरान बरती गई थोड़ी सी सतर्कता मां और नवजात की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। इसी उद्देश्य से उत्तराखंड में मातृ एवं नवजात शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के जमीनी स्तर के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दक्ष बनाने की पहल शुरू की गई है। इसके तहत सोमवार से उत्तरकाशी के होटल शिवलिंगा में एएनएम के लिए दो दिवसीय कौशल आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है । इसमें डुंडा और भटवाड़ी ब्लॉक की 30 एएनएम को गर्भवती महिलाओं की बेहतर देखभाल और सुरक्षित प्रसव से जुड़े व्यावहारिक गुर सिखाए जा रहे हैं।
हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी), जौलीग्रांट के ग्रामीण विकास संस्थान (आरडीआई) की ओर से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया फाउंडेशन (एसबीआईएफ) के सहयोग से 16 और 17 नवंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य फोकस उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय रहते पहचान और उचित प्रबंधन पर है। प्रशिक्षण के दौरान एएनएम को गर्भावस्था में गुणवत्तापूर्ण देखभाल, सुरक्षित प्रसव की तैयारी, समय पर रेफरल तथा जन्म के बाद नवजात शिशु की आवश्यक देखभाल की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, डिप्टी सीएमओ डॉ. पंगती और उप निदेशक डॉ. राजीव बिजल्वाण ने किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने कहा कि एएनएम स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कौशल और कार्यक्षमता में वृद्धि होने से गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए एचआईएचटी और एसबीआई फाउंडेशन का आभार जताया।
वहीं, डॉ. राजीव बिजल्वाण ने कहा कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान करना और उनकी स्थिति के अनुसार उपयुक्त स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करना बेहद जरूरी है। सही समय पर उपचार और रेफरल से मां और नवजात दोनों की जान बचाई जा सकती है।
प्रशिक्षण में केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं्कि सिमुलेशन आधारित और कौशल-केंद्रित सत्रों के माध्यम से एएनएम को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी मैनेजर रवींद्र वर्मा ने किया। मास्टर ट्रेनर के रूप में निखिल, प्रियंका, प्रिया और डॉ. प्रिन्सी मौजूद रहे।




