Breaking
Tue. Nov 17th, 2026

उत्तरकाशी में पहली बार होगा पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ, 18 से 24 नवंबर तक गूंजेगी भागवत कथा

बदरी गाय का नित्य पूजन, गंगा आरती और साधु-संतों के लिए भंडारा; पांच कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह, नशामुक्ति जागरूकता व निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगेंगे

चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी। धार्मिक नगरी उत्तरकाशी में 18 से 24 नवंबर तक पहली बार श्री पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सात दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार, लाखों आहुतियों और गंगा आरती के साथ धर्म, सेवा और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। महायज्ञ के दौरान पांच कन्याओं का विवाह भी समिति की ओर से संपन्न कराया जाएगा।
मंगलवार को हनुमान मंदिर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष सूरत राम नौटियाल ने बताया कि महायज्ञ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन के मुख्य वक्ता परम पूज्य आचार्य सूर्यकांत बलूनी होंगे, जबकि केदार मंदिर उत्तरकाशी के महंत वैष्णो आचार्य राघवेंद्र महाराज महायज्ञ की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि विश्व शांति और उत्तरकाशी की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ विशेष वैदिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
महायज्ञ में 41 विद्वान आचार्यों के सानिध्य में 51 यजमानों द्वारा शुद्ध गाय के घी और हिमालय की जड़ी-बूटियों से हवन किया जाएगा। आयोजन के दौरान कुल एक लाख 60 हजार आहुतियां समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बदरी गाय का नित्य पूजन, प्रतिदिन गंगा आरती, मंदिरों में पूजा-अर्चना और नगर में प्रभात फेरियां भी निकाली जाएंगी। साधु-संतों के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था रहेगी।
महायज्ञ को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सेवा से भी जोड़ा गया है। इसके तहत बलूनी अस्पताल देहरादून की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। वहीं युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष नशामुक्ति जनजागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल ने बताया कि महायज्ञ में जनपद की विभिन्न देवडोलियों के साथ ही पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों से संत-महात्माओं का समागम होगा। आयोजन को लेकर दूर-दराज से श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से महायज्ञ में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
इस अवसर पर राघवानंद महाराज, रामगोपाल पैन्यूली, महावीर गंगाड़ी , विजय सेमवाल, अजय बडोला, भूपेश कुड़ियाल और माधव शास्त्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!