भारत-मलेशिया के 240 सैनिक जंगलों में दिखाएंगे युद्ध कौशल, शुरू हुआ संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति’
आतंकवाद विरोधी अभियानों में बढ़ेगा दोनों सेनाओं का तालमेल, ड्रोन और आधुनिक निगरानी प्रणालियों से भी करेंगे अभ्यासअभ्यास
देहरादून । भारत और मलेशिया के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती देने के उद्देश्य से संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति’ का छठा संस्करण बुधवार को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया। 19 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस 12 दिवसीय सैन्य अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान दोनों सेनाएं जंगलों और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियानों का संयुक्त प्रशिक्षण करेंगी।
यह द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास बारी-बारी से भारत और मलेशिया में आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-VII के तहत सब-कन्वेंशनल ऑपरेशनों में दोनों सेनाओं की परिचालन क्षमता, सामरिक समझ और आपसी तालमेल को मजबूत करना है।
अभ्यास के दौरान सैनिक संयुक्त योजना निर्माण, सामरिक समन्वय और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण लेंगे। प्रशिक्षण के शुरुआती चरण में दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे की कार्यप्रणाली और सैन्य रणनीतियों को समझेंगी। इसके बाद संयुक्त सामरिक अभ्यासों के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में अभियान संचालित करने का अभ्यास किया जाएगा।
ड्रोन और आधुनिक तकनीक पर रहेगा विशेष जोर
संयुक्त सैन्य अभ्यास में जॉइंट कमांड पोस्ट और सर्विलांस सेंटर की स्थापना के साथ आतंकवाद विरोधी अभियान, छापेमारी, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान और कॉम्बैट इंजीनियरिंग से जुड़े अभ्यास किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार टोही और निगरानी के लिए मानव रहित हवाई प्रणाली (यूएएस) के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही दुश्मन के ड्रोन की पहचान करने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम (सी-यूएएस) की क्षमताओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
अंतिम चरण में होगा संयुक्त सत्यापन अभ्यास
अभ्यास के अंतिम चरण में दोनों देशों की सेनाएं एक संयुक्त सत्यापन अभ्यास करेंगी। इसमें आतंकवाद विरोधी अभियान का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर जमीनी कार्रवाई, एकीकृत निगरानी और मानव रहित प्रणालियों के समन्वित इस्तेमाल की क्षमता परखी जाएगी।
सैन्य विशेषज्ञता, आधुनिक युद्ध तकनीकों और परिचालन अनुभवों के आदान-प्रदान से दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर अंतर-संचालनीयता विकसित होगी। यह अभ्यास न केवल भारत और मलेशिया के रक्षा संबंधों को मजबूती देगा, बल्कि क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




